BREAKING NEWS

logo

खड़गपुर स्टेशन पर नकदी के साथ व्यक्ति गिरफ्तार


 खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर रेल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को भारी मात्रा में नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से कुल 50 लाख 77 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद राशि में अधिकांश 500 और 200 रुपये के नोट बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार जीआरपी की टीम शुक्रवार को स्टेशन पर सादे कपड़ों में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या दो पर एक व्यक्ति को उद्देश्यहीन तरीके से घूमते देख पुलिस को संदेह हुआ। पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

इसके बाद पुलिस ने उसके पास मौजूद काले रंग के बैग की तलाशी ली, जिसमें से लगभग 50 लाख 77 हजार रुपये नकद बरामद हुए। तलाशी के दौरान उसके पास से खड़गपुर से हावड़ा जाने वाली ट्रेन का एक टिकट भी मिला।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान इब्राहिम मोल्ला के रूप में हुई है। वह हुगली जिला के चंडीपुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पूछताछ में उसने बताया कि वह बेहरामपुर स्थित एक सोने की दुकान में काम करता है।

इस संबंध में खड़गपुर के एसआरपी मिथुन कुमार दे ने शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। बरामद बड़ी नकदी को देखते हुए इसकी सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है।

पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने आगे की पूछताछ के लिए इब्राहिम मोल्ला को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है। जीआरपी पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।